रायगढ़. युवती से छेड़खानी करने और उसकी फोटो मोबाइल स्टेटस पर डालकर बदनाम करने की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजीत मालाकार (24 वर्ष), पिता नानू राम मालाकार, निवासी ग्राम सेमरा, पुसौर, वर्तमान पता चांदमारी, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती (20 वर्ष) ने कल महिला थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि करीब दो वर्ष पूर्व से उसकी आरोपी अजीत मालाकार से जान-पहचान थी और दोनों आपस में बातचीत करते थे। इसकी जानकारी परिजनों को होने के बाद युवती ने आरोपी से दूरी बना ली थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार फोन कर उसे परेशान करता था। युवती ने बताया कि 04 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे आरोपी उसके घर पहुंचा और बातचीत नहीं करने पर बदनाम करने की धमकी देते हुए गलत नीयत से उसका हाथ एवं बांह पकड़कर छेड़खानी की। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसकी फोटो अपने मोबाइल के स्टेटस पर डालकर उसे बदनाम करने का प्रयास भी किया।
युवती की लिखित शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में धारा 78(1)(पप), 74 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।












