रायगढ़। अपनी कला और प्रतिभा के दम पर रायगढ़ की बेटियां लगातार जिले का नाम रोशन कर रही हैं। इसी कड़ी में रायगढ़ की नन्हीं कथक नृत्यांगना कु. अंशिका महंत ने पड़ोसी देश नेपाल में अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नेपाल के जनकपुर में आयोजित भारत-नेपाल मैत्री एवं अंतरराष्ट्रीय शिक्षक गौरव सम्मान कार्यक्रम में अंशिका ने भगवान श्रीराम की भक्ति से ओतप्रोत कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। श्रीराम की गूंज और कथक की भावपूर्ण मुद्राओं ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
कु. अंशिका महंत को कथक नृत्य की शिक्षा रायगढ़ की श्रीमती तब्बू परवीन द्वारा संचालित आयात कथक डांस एकेडमी में दी जा रही है। खास बात यह है कि अंशिका महज ढाई साल की उम्र से ही कथक की बारीकियां सीख रही हैं। वर्तमान में वह कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल रायगढ़ में कक्षा पांचवीं की अंग्रेजी माध्यम की छात्रा हैं। इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करना उनकी मेहनत, लगन और गुरु के मार्गदर्शन को दर्शाता है।
उल्लेखनीय है कि आयात कथक डांस एकेडमी के विद्यार्थी अपनी नृत्य प्रतिभा के दम पर देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों में भी शानदार प्रस्तुतियां देकर रायगढ़ को गौरवान्वित कर रहे हैं। नेपाल के जनकपुर में अंशिका की इस प्रस्तुति ने एक बार फिर साबित किया है कि छोटी उम्र में भी बड़े सपने और कठिन मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई जा सकती है। अंशिका की इस उपलब्धि से उनके परिवार, गुरु और रायगढ़ के कला प्रेमियों में खुशी का माहौल है।












