रायगढ़. जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम चारभांठा में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार पूर्णागिरी बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक को गंभीर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए घरघोड़ा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम कोगनारा निवासी अजय राठिया का चचेरा भाई धर्मेंद्र राठिया 31 अक्टूबर को अपनी साइन मोटरसाइकिल से निजी काम से घरघोड़ा गया हुआ था। रात करीब 8 बजे वह ग्राम चारभांठा के प्रतीक्षालय के पास मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान पूर्णागिरी बस क्रमांक सीजी 14-एमटी 9311 के चालक ने कथित तौर पर तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मोबाइल के माध्यम से परिजनों को मिली। इसके बाद परिजन तत्काल घरघोड़ा सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। हालांकि, उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
मृतक के चचेरे भाई अजय राठिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने बस चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।










