रायगढ़. एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस ने औद्योगिक संस्थान से रायपुर भेजे जा रहे 38.900 टन लोहे में से करीब 5 टन लोहे के क्वायल की सुनियोजित हेराफेरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। आरोपियों ने रास्ते में ट्रक से दो नग लोहे के क्वायल गिराकर उन्हें छिपा दिया था, जिन्हें बाद में बेचने की योजना थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर करीब 5 टन वजन के दो बंडल लोहे के क्वायल, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये है, बरामद किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर को चंद्रहासिनी इस्पात प्राइवेट लिमिटेड, गेरवानी के सेल्स एग्जीक्यूटिव अर्पित पाण्डेय (28 वर्ष) ने थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 09 सितंबर 2026 को प्लांट से पवन पुत्र ट्यूब्स, रायपुर के लिए वाहन में कुल 38.900 टन लोहा लोड कर रवाना किया गया था। दिनांक 11 सितंबर को वाहन चालक मुरली साहू रायपुर पहुंचा, जहां धर्मकांटा में वजन कराने पर करीब 5 टन माल कम पाया गया। इसके बाद वाहन चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में धारा 316(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में उप निरीक्षक दिलीप बेहरा द्वारा आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने 30 अक्टूबर को वाहन चालक मुरली साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि मुरली साहू ने अपने भाई चेतन साहू उर्फ रामजाने को उसका ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य दस्तावेज उपयोग करने के लिए दिए थे। पुलिस ने अपराध में सहयोग करने और जानबूझकर दस्तावेज उपलब्ध कराने के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर मुरली साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इसके बाद पूंजीपथरा पुलिस ने कल 01 नवंबर को आरोपी चेतन साहू उर्फ रामजाने की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि रायगढ़ में उसकी मुलाकात अजीत पेट्रोल पंप के पास हरिओम गैरेज की देखरेख करने वाले संतोष गुप्ता से हुई थी। दोनों ने मिलकर बाईपास रोड स्थित उबड़-खाबड़ रास्ते में ट्रक से लोहे के दो क्वायल गिराकर बाद में बेचने की योजना बनाई थी।
इसी योजना के तहत 09 सितंबर को चेतन साहू ने अपने भाई मुरली का लाइसेंस उपयोग कर चंद्रहासिनी प्लांट से निकले ट्रक से दोनों क्वायल गिरा दिए गए और संतोष गुप्ता ने उन्हें हरिओम गैरेज में छिपाकर रख दिया। चेतन साहू से मिली जानकारी पर पुलिस टीम ने तत्काल गैरेज में दबिश देकर संतोष गुप्ता को हिरासत में लिया। पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने गैरेज से करीब 5 टन वजन के दो बंडल लोहे के क्वायल, कीमत लगभग 5 लाख रुपये, बरामद कर जप्त किए। प्रकरण में संतोष कुमार गुप्ता (25 वर्ष), निवासी ग्राम गोरी, जिला रोहतास, बिहार, हाल मुकाम बाबाधाम बाईपास रोड दरोगामुड़ा, रायगढ़ तथा चेतन साहू उर्फ रामजाने (30 वर्ष), निवासी ग्राम देवरी, जिला रायपुर को 01 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।









