रायगढ़. शहर में कार चोरी की नीयत से घर में घुसकर वाहन की चाबी चोरी करने का मामला सामने आया है। मामले में कोतवाली पुलिस ने शिकायतकर्ता की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ गृह अतिचार और चोरी से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतरारोड देवांगनपारा निवासी मनिन्दर सिंह (30 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई है कि 19 अक्टूबर की रात करीब 11ः45 बजे दीपक फरमानिया निवासी कोतरारोड बंगलापारा उसके घर पहुंचा। आरोप है कि आरोपी ने घर के तीन फाटकों को हाथ डालकर खोला और अंदर प्रवेश कर लिया। इसके बाद कार चोरी करने की नीयत से उसकी सिल्वर कलर की स्विफ्ट डिजायर की चाबी लेकर चला गया। चोरी गई चाबी की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस घटना को उसकी मां दर्शन कौर ने अपनी आंखों से देखा था। आरोप है कि अगले दिन आरोपी ने फोन पर धमकी देते हुए कहा कि मोबाइल की किस्त में खरीदी गई रकम मनमाने ब्याज सहित एकमुश्त चुकाओ, वरना गाड़ी उठा लेंगे। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पहले भी रकम की मांग को लेकर गाली-गलौज और धमकी देता रहा है।
इस घटना के बाद शिकायतकर्ता ने खुद की जान-माल को खतरा बताते हुए पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने प्रथम दृष्टया धारा 331(4) और 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।









