रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में दीपावली की अगली रात अज्ञात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने दुकानों के शटर का ताला तोड़कर करीब डेढ़ किलो चांदी और डेढ़ लाख रुपये नकद समेत कुल एक लाख 58 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति पार कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गए। सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ निवासी प्रदीप गर्ग का गौरीशंकर मंदिर रोड पर श्रीराम उद्योग के नाम से कार्यालय संचालित है। बीती रात अज्ञात चोरों ने कार्यालय के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी में रखी करीब डेढ़ किलो चांदी और डेढ़ लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
सुबह जब प्रदीप गर्ग का स्टाफ कार्यालय खोलने पहुंचा तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर सामान बिखरा देखकर कर्मचारियों ने तत्काल इसकी जानकारी प्रदीप गर्ग को दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना से अवगत कराया।
इसी दौरान पता चला कि कार्यालय के ठीक सामने स्थित अशोक टी कंपनी की दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया है। यहां भी शटर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 8 हजार रुपये नकद पार कर दिए। एक ही रात में दो दुकानों में चोरी की घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
CCTV के तार काटे, डेयरी के कैमरे का बदला डायरेक्शन
प्रारंभिक जांच में चोरों की शातिराना करतूत भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि चोरों ने अशोक टी कंपनी में लगे सीसीटीवी कैमरों का कनेक्शन काट दिया था। इतना ही नहीं, पास में स्थित जगदीश दूध डेयरी के बाहर लगे कैमरे का डायरेक्शन भी बदल दिया गया था, ताकि चोरी की वारदात कैमरों में कैद न हो सके।
पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, चोरी की वारदात रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई है। फिलहाल पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।












