तमनार। तमनार क्षेत्र में लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और स्वस्थ भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को क्षेत्र के प्रमुख होटल और ढाबों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने 4 प्रतिष्ठानों में पहुंचकर साफ-सफाई, किचन व्यवस्था, पानी की गुणवत्ता, कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों से पका हुआ भोजन और सब्जियों के सैंपल भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद मानकों पर खरा न उतरने वाले प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल शामिल रहे। विभाग के अनुसार यह जांच अभियान 30 नवंबर तक जारी रहेगा। खाद्य विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।
किन-किन प्रतिष्ठानों का हुआ निरीक्षण
1. सियाराम ढाबा, तराईमाल, तमनार
टीम ने यहां किचन, स्टोर रूम और भोजन परोसने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। यहां से दो खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए –
1. पका चावल
2. आलू परवल मिक्स सब्जी
2. पंजाब ढाबा, पूंजीपथरा, तमनार
इस ढाबे में पनीर और सब्जी की गुणवत्ता को लेकर जांच की गई। यहां से भी दो सैंपल लिए गए –
1. पनीर
2. आलू भुजिया सब्जी
3. दावत ढाबा, पूंजीपथरा, तमनार
इस प्रतिष्ठान में साफ-सफाई, पानी की व्यवस्था और खाद्य सामग्री के भंडारण की जांच की गई।
4. बंजारी होटल, बंजारी, तमनार
यहां भी टीम ने किचन और डाइनिंग एरिया का निरीक्षण किया और संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संचालकों को दिए गए 7 सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी होटल-ढाबा संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत निम्न 7 महत्वपूर्ण निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा –
1. साफ सफाई पर विशेष ध्यान – अधिकारियों ने कहा कि किचन, बर्तन, फर्श, टेबल और शौचालय में हर समय साफ-सफाई रखी जाए। कचरा खुले में न फेंका जाए और कचरे के लिए ढक्कन वाले डस्टबिन का उपयोग किया जाए। गंदगी मिलने पर लाइसेंस निरस्त तक हो सकता है।
2. पानी की जांच अनिवार्य – पीने और खाना बनाने में उपयोग होने वाले पानी की नियमित जांच कराई जाए। टंकी और फिल्टर की समय-समय पर सफाई की जाए। दूषित पानी का उपयोग पाए जाने पर भारी जुर्माना लगेगा।
3. कर्मचारियों की हेल्थ जांच – किचन में काम करने वाले सभी कर्मचारियों का नियमित हेल्थ चेकअप कराया जाए। बिना मेडिकल सर्टिफिकेट और बिना हेयर कैप, ग्लव्ज और एप्रन के कोई भी कर्मचारी भोजन न बनाए। बीमार कर्मचारी को किचन में काम पर न लगाया जाए।
4. पेस्ट कंट्रोल कराना होगा – होटल परिसर, किचन और स्टोर रूम में समय-समय पर अधिकृत एजेंसी से पेस्ट कंट्रोल कराया जाए, ताकि चूहे, कॉकरोच और मक्खियों से भोजन दूषित न हो। पेस्ट कंट्रोल का रिकॉर्ड भी संभाल कर रखा जाए।
5. खाने में रंगों का सीमित उपयोग – भोजन को आकर्षक दिखाने के लिए अधिक मात्रा में कृत्रिम रंगों का उपयोग न किया जाए। केवल FSSAI द्वारा अनुमत रंगों का ही बहुत सीमित मात्रा में उपयोग किया जाए। अधिक रंग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं, खासकर बच्चों के लिए।
6. अखबारी कागज का उपयोग पूरी तरह बंद – अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि गर्म समोसा, पकौड़ा, रोटी या अन्य खाद्य सामग्री को अखबार या अखबरी कागज में लपेटकर न दिया जाए। अखबार की स्याही में हानिकारक केमिकल होते हैं जो कैंसर जैसी बीमारियों का कारण बन सकते हैं। इसके लिए फूड ग्रेड पेपर या एल्यूमीनियम फॉयल का उपयोग किया जाए।
7. बासी तेल का बार-बार उपयोग नहीं – एक बार उपयोग किए गए तेल को बार-बार गर्म करके उपयोग न किया जाए। जला हुआ और बार-बार गर्म किया गया तेल हृदय रोग, कैंसर और पाचन की बीमारियों को बढ़ाता है। तेल की गुणवत्ता की जांच के लिए भी सैंपल लिए जाएंगे।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। त्योहारों और शादी के सीजन में होटल-ढाबों में भीड़ बढ़ जाती है, इसलिए शुद्धता और स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी होटल-ढाबे में गंदगी, बासी भोजन या मिलावटी खाद्य सामग्री मिलती है तो तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान संचालकों ने सभी निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।











