रायगढ़. एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली सिरप की बिक्री करने की फिराक में ग्राहक तलाश रहे दो सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 26 शीशी प्रतिबंधित कुल 2600 एमएल, वजन 3 किलो 506 ग्राम एवं कीमत 41,247 की सिरप बरामद की गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 24-25 नवंबर की दरम्यानी रात घरघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली सिरप लेकर घरघोड़ा-लैलूंगा रोड स्थित ढोरम बाईपास तिराहा के पास ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत येरेवार के हमराह पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने गवाहों की उपस्थिति में मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदेहियों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान कन्हैया यादव पिता हरि राम यादव उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम केनापारा थाना लैलूंगा तथा तेज राम यादव पिता स्व. फिरू राम यादव उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम कोनपारा थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई।
विधिवत तलाशी लेने पर कन्हैया यादव के कब्जे से 17 शीशी तथा तेज राम यादव के कब्जे से 09 शीशी, प्रत्येक में 100-100 एमएल व्छम्त्म्ग् ब्वनही ैलतनच बरामद हुई। इस प्रकार दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 26 शीशी प्रतिबंधित सिरप जब्त की गई। आरोपियों द्वारा एक राय होकर प्रतिबंधित नशीली सिरप को बिक्री के उद्देश्य से अपने कब्जे में रखना पाए जाने पर थाना घरघोड़ा में धारा 21(सी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।











