रायगढ़। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम लोगों के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने शहर के दो प्रमुख होटल-रेस्टोरेंट में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए अलग-अलग सामग्रियों के नमूने लिए। साथ ही होटल संचालकों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
जानकारी के अनुसार, खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सबसे पहले केवड़ाबाड़ी चौक स्थित जोहाल पैलेस का निरीक्षण किया। यहां से पके चावल, पनीर, दाल और प्याज की ग्रेवी के नमूने लिए गए। इसके बाद टीम ने जगतपुर रोड स्थित जिंदल रेसीडेंसी में जांच की, जहां से दाल, पनीर, चावल और आटे के नमूने संग्रहित किए गए।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने दोनों प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। होटल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, इस्तेमाल किए जा रहे पानी की नियमित जांच कराने और कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने को कहा गया। इसके अलावा कीट नियंत्रण (पेस्ट कंट्रोल) की व्यवस्था दुरुस्त रखने, खाद्य पदार्थों में रंगों का सीमित उपयोग करने तथा अखबार के कागज में खाद्य सामग्री नहीं परोसने की हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने खाद्य तेल का बार-बार उपयोग नहीं करने की भी समझाइश दी। विभाग का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की जांच कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल शामिल रहे। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की है।











