रायगढ़। दीपावली पर्व से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में विभागीय टीम ने पुसौर ब्लॉक के विभिन्न होटल और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए मिठाई और नमकीन के छह नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर संचालकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान पुसौर स्थित मेघा रेस्टोरेंट से खोवा बर्फी, बूंदी लड्डू और मोटा सेव के नमूने लिए गए। इसी तरह आयुष रेस्टोरेंट से गोंद लड्डू, खोवा पेड़ा और सेव नमकीन के सैंपल संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की कमी भी पाई गई, जिस पर अधिकारियों ने संचालकों को स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी होटल, रेस्टोरेंट और डेयरी प्रतिष्ठानों की लगातार जांच कर रही है। समय-समय पर विभिन्न दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए थे।

इस निरीक्षण अभियान में अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल मौजूद रहे।









