रायगढ़. रायगढ़ में दीपावली त्यौहार से पहले खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने होटलों में जांच शुरू कर दी है। शहर के अलंकार होटल के कारखाने का निरीक्षण किया गया, जिसमें साफ-सफाई व सुधार को लेकर निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा होटल मुरारी से मिल्क केक, पेडा और सलोनी के सैंपल लेकर जांच में भेजा गया है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को अलंकार होटल के कारखाने में फूड एंड सेफ्टी की टीम पहुंची। जहां उन्हें कई तरह की खामियां मिली। इसके अलावा मिठाई व अन्य खाद्य पदार्थों का भी निरीक्षण किया गया। वहीं बेहतर ढंग से साफ-सफाई का अभाव पाया गया। जिससे उन्हें सुधार करने के लिए निर्देशित किया और वहां से सेव, कुंदा व चमचम के सैंपल लिए गए। जिसे लैब भेजा जा रहा है। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। वहीं बताया जा रहा है कि खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम के द्वारा शहर व जिले के कई होटल व प्रतिष्ठानों में लगातार जांच की जा रही है। इससे पहले भी राखी व अन्य त्यौहारों में कई दुकानों में जांच कर सैंपल लेकर लैब भेजा गया था। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की गई।
सप्ताह भर तक चलाया था अभियान
इससे पहले अगस्त माह में खाद्य एंव सुरक्षा विभाग की टीम ने बने खाबो-बने रहिबो 2.0 अभियान चलाया था। जिसमें होटल, ढाबा, मिठाई दुकान, डेयरी समेत अन्य दुकानों में जांच की गई थी। जहां से कई खाद्य समाग्रियों का सैंपल लिया गया था। सप्ताह भर के अभियान में तकरीबन 20 से अधिक प्रतिष्ठानों में जांच की गई थी और शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिष्ठानों में भी टीम पहुंची थी।
इस कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल उपस्थित रहे।











