रायगढ़. खरसिया थाना क्षेत्र में अकेली रह रही वृद्ध महिला के घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पहले 4,500 रुपये उधार लेने की कोशिश की, लेकिन रकम नहीं मिलने पर उसने लूट की योजना बना ली। इसके बाद रात के अंधेरे में महिला के घर में घुसकर आलमारी और संदूक तोड़ दिए। विरोध करने पर वृद्धा के सिर और हाथों पर बांस के डंडे से वार कर नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल हथौड़ी, डंडा और मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम बड़े देवगांव निवासी रामबाई साहू (62 वर्ष) ने 1 नवंबर को खरसिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपने कमरे में सो रही थीं। रात करीब 1ः30 बजे नींद खुली तो देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति घर की आलमारी से सामान निकाल रहा है। महिला ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने बांस के डंडे से सिर और दोनों हाथों पर हमला कर दिया। इसके बाद आलमारी और संदूक में रखे 30 हजार रुपये नकद, करीब 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवरात लेकर फरार हो गया।
उधारी नहीं मिली तो रची लूट की साजिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव और थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम धु्रव को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस को ग्राम बड़े देवगांव में घटना की रात पहुंचे नागेश गवेल के हुलिए पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने नागेश कुमार गवेल (29 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने वारदात करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात वह डेमलाल उरांव के घर 4,500 रुपये उधार मांगने गया था। रकम नहीं मिलने पर वह वापस लौट आया। इसके बाद मेन रोड सामुदायिक भवन के पास उसने लूटपाट की योजना बनाई। उसे जानकारी थी कि रामबाई साहू घर में अकेली रहती हैं और उनके यहां पुट्टी-पोताई का काम चल रहा है। इसी का फायदा उठाकर वह रात करीब 1ः30 बजे घर के गेट पर चढ़कर अंदर घुस गया।
हथौड़ी से तोड़ा संदूक, जागने पर डंडे से किया हमला
आरोपी ने हथौड़ी से आलमारी और संदूक तोड़कर नकदी व जेवरात निकालने शुरू किए। इसी दौरान आवाज सुनकर महिला जाग गई और उसे पकड़ने का प्रयास किया। विरोध होते देख आरोपी ने बांस के डंडे से उनके सिर और हाथों पर वार कर दिया। इसके बाद लूटे गए सामान के साथ अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल से फरार हो गया।
3 हजार नकद, हथौड़ी, डंडा और बाइक जब्त
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बोरदी मोड़ के पास झाड़ियों से वारदात में इस्तेमाल हथौड़ी और बांस का डंडा बरामद किया। उसके कब्जे से 3 हजार रुपये नकद भी मिले, जबकि डिस्कवर मोटरसाइकिल उसके घर से जब्त की गई। आरोपी ने शेष 25 हजार रुपये, सोने और चांदी के जेवर नरवा मुक्तिधाम के पास छिपाने की जानकारी दी, लेकिन पुलिस की तलाश के बावजूद वहां से कोई संपत्ति बरामद नहीं हुई।
आरोपी नागेश कुमार गवेल, पिता प्रमोद कुमार गवेल, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम बड़े बोरदी, थाना खरसिया को पहचान कार्यवाही के बाद 4 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामला बीएनएस की धारा 309(6) और 331(6) के तहत दर्ज किया गया है।










