रायगढ़। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को विभागीय टीम ने शहर के ढिमरापुर चौक स्थित विजय ट्रेडर्स में दबिश देकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची। इस दौरान चार खाद्य उत्पादों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
मिली जानकारी के अनुसार, त्योहार के दौरान मिठाई और नमकीन की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य विभाग मिलावटखोरी पर नजर बनाए हुए है। इसी अभियान के तहत टीम ने विजय ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। यहां से इंस्टेंट मिक्स गुलाब जामुन, आकाश गार्लिक मिक्सचर, गंगा-जमुना नमकीन और हल्दीराम सोनपापड़ी के सैंपल लिए गए हैं।

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या निर्धारित गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि जांच अभियान केवल शहर तक सीमित नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों के होटल, रेस्टोरेंट और डेयरी प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल एवं नेमीचंद पटेल मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली तक यह अभियान जारी रहेगा, ताकि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।










