रायगढ़. जिले के खरसिया क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बोतल्दा रॉक गार्डन में एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि वारदात 14 नवंबर को दोपहर करीब 3ः30 से 4 बजे के बीच हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, युवती बाहर से घूमने के उद्देश्य से बोतल्दा रॉक गार्डन पहुंची थी। इसी दौरान उसके साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई। मामले की जानकारी सामने आने के बाद खरसिया पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और बोतल्दा क्षेत्र के कुछ युवकों को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कथित वारदात में कितने लोग शामिल थे और घटना किन परिस्थितियों में हुई। हिरासत में लिए गए युवकों की भूमिका को लेकर भी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है और मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। पर्यटन स्थल पर इस तरह की गंभीर घटना की खबर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस जांच पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी।









