रायगढ़ । कलार समाज के आराध्य देव राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु भगवान की जयंती इस वर्ष भी पूरे प्रदेश में बड़े धूमधाम, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में कलार समाज के सैकड़ों लोग परिवार सहित शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम स्थल को फूलों, दीपों और भगवान सहस्त्रबाहु के भव्य चित्र से सजाया गया था।
समारोह की शुरुआत भगवान सहस्त्रबाहु की विधि-विधान से पूजा-अर्चना, हवन और आरती से हुई। भव्य आतिशबाजी के बाद समाज के वरिष्ठजनों, मातृशक्ति और युवाओं ने भगवान के चरणों में पुष्प अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और समाज की एकता की कामना की।
जिला अध्यक्ष केशव जायसवाल ने व्यक्त किया आभार
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कलार समाज के जिला अध्यक्ष श्री केशव जायसवाल ने मंच से सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान सहस्त्रबाहु की जयंती केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हमारे गौरव, हमारी पहचान और हमारी एकता का प्रतीक है।

केशव जायसवाल ने कहा –
“जिस उत्साह, अनुशासन और भाईचारे के साथ समाज के हर वर्ग ने इस आयोजन को सफल बनाया, उसके लिए मैं सभी का आभारी हूँ। बुजुर्गों का आशीर्वाद, माताओं-बहनों का सहयोग, युवाओं का जोश और बच्चों की भागीदारी – यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। आप सबके बिना यह आयोजन संभव नहीं था।”
उन्होंने विशेष रूप से कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, दानदाताओं, आयोजन समिति, महिला मंडल, युवा मंडल और सुरक्षा व व्यवस्था में लगे सभी साथियों का नाम लेकर आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रशासन, पुलिस और मीडिया का भी धन्यवाद किया, जिनके सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।

कौन थे भगवान सहस्त्रबाहु?
राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु भगवान को भगवान शिव के परम भक्त और न्यायप्रिय, पराक्रमी और दानी सम्राट के रूप में जाना जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार उन्हें भगवान दत्तात्रेय से हजार भुजाओं का वरदान प्राप्त था, इसलिए उन्हें सहस्त्रबाहु कहा गया। उन्होंने अपने जीवन में धर्म, न्याय और प्रजा की सेवा को सर्वोपरि रखा। कलार समाज उन्हें अपना कुलदेवता और आदर्श मानता है।
बता दें राजराजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु की रायगढ़ में स्थापित छत्तीसगढ़ की प्रथम प्रतिमा है जो की रायगढ़ में सहस्त्रबाहु चौक पर स्थापित है
समाज की एकता और विकास का संकल्प
समारोह में वक्ताओं ने समाज की एकता, शिक्षा और विकास पर जोर दिया। जिला अध्यक्ष केशव जायसवाल ने कहा कि समाज को अब शिक्षा, व्यापार, रोजगार और बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि हमारा समाज मेहनती, ईमानदार और संस्कारी है। अगर हम सब एकजुट रहकर एक-दूसरे की मदद करेंगे तो समाज और भी आगे बढ़ेगा।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भगवान सहस्त्रबाहु के आदर्शों – सत्य, धर्म, पराक्रम और परोपकार – को अपने जीवन में उतारें और समाज व देश के विकास में योगदान दें।
भजन, और सम्मान समारोह
जयंती समारोह में भजन-कीर्तन, सुंदरकांड पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया। समाज के मेधावी विद्यार्थियों, वरिष्ठजनों और समाजसेवियों को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद स्वल्पाहार का आयोजन हुआ,
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक साथ मिलकर भगवान सहस्त्रबाहु की जयकारा लगाया और अगले वर्ष और भी भव्य आयोजन करने का संकल्प लिया।

छत्तीसगढ़ कलार महासभा रायगढ़ जिला अध्यक्ष केशव जायसवाल द्वारा अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए निम्न दायित्व सौंप गए।













