रायगढ़। शहर और आसपास के क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने ढाबों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग ढाबों में तैयार खाद्य सामग्रियों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई। साथ ही ढाबा संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
मिली जानकारी के अनुसार, विभागीय टीम ने धरणी ढाबा एवं फैमिली रेस्टोरेंट में पहुंचकर आलू सब्जी, मिक्स वेज, पनीर और पके हुए चावल के नमूने लिए। वहीं कठली स्थित रौनक फैमिली ढाबा से पनीर का सैंपल लिया गया। इसके अलावा कोड़ातराई स्थित श्री साई ढाबा और सिंह ढाबा में भी जांच कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल शामिल रहे। विभाग के अनुसार यह जांच अभियान 30 नवंबर तक जारी रहेगा। खाद्य विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।
साफ-सफाई से लेकर तेल के उपयोग तक दिए निर्देश
जांच के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने सभी ढाबा संचालकों को परिसर और रसोई में साफ-सफाई रखने, इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच कराने तथा खाद्य सामग्री तैयार करने वाले कर्मचारियों का नियमित हेल्थ चेकअप कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा पेस्ट कंट्रोल कराने, खाद्य पदार्थों में रंगों का सीमित उपयोग करने और अखबारी कागज में खाद्य सामग्री नहीं परोसने की हिदायत दी गई।
टीम ने विशेष रूप से खाना पकाने में इस्तेमाल होने वाले तेल का बार-बार उपयोग नहीं करने की समझाइश भी दी। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सेहत से किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।











