रायपुर। छत्तीसगढ़ के निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब निर्माण श्रमिकों के साथ उनके बच्चों को भी आधुनिक तकनीकी कौशल का प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की तैयारी है। इसके लिए छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल और सिपेट रायपुर के बीच प्रशिक्षण को लेकर अनुबंध किया गया है। इस योजना के तहत प्रदेश के 200 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों अथवा उनके बच्चों को 90 दिनों का आवासीय तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
नवा रायपुर, अटल नगर स्थित निवास कार्यालय में श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह की उपस्थिति में यह अनुबंध संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और निर्देशानुसार शुरू की जा रही इस पहल का उद्देश्य श्रमिक परिवारों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उनके लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करना है।
480 घंटे तक मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित 200 प्रतिभागियों को कुल 480 घंटे का आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसमें प्लास्टिक प्रोसेसिंग, इंजेक्शन मोल्डिंग और एक्सट्रूज़न जैसे आधुनिक औद्योगिक क्षेत्रों की तकनीकें सिखाई जाएंगी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को किताबी जानकारी के साथ व्यावहारिक अनुभव भी दिया जाएगा, ताकि वे उद्योगों में काम करने के लिए तैयार हो सकें।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागियों को संबंधित उद्योगों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहायता की जाएगी। इससे श्रमिक परिवारों की आय बढ़ाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
श्रमिकों के साथ अगली पीढ़ी को भी मिलेगा लाभ
इस योजना की खास बात यह है कि इसका लाभ केवल पंजीकृत निर्माण श्रमिकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनके बच्चों को भी तकनीकी प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। इससे श्रमिक परिवारों की अगली पीढ़ी को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और रोजगार से जोड़ने का रास्ता खुलेगा।
इस अवसर पर श्रम विभाग के सचिव हिम शिखर गुप्ता, सिपेट रायपुर के प्रधान निदेशक डॉ. आलोक साहू, प्रशासनिक अधिकारी नितेश कुमार जैन, प्रबंधन तकनीकी रविंद्र रेड्डी और कर्मकार कल्याण मंडल के सचिव गिरीश रामटेके सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।











