रायगढ़। धरमजयगढ़ वन मंडल के आमगांव परिसर में हाथियों की आवाजाही लगातार जारी है। 368 आरएफ जंगल में विचरण कर रहा 20 हाथियों का दल रायगढ़ रोड पार कर अब 367 आरएफ के जंगल की ओर बढ़ गया है। इस दल में 8 नर, 8 मादा और 4 नन्हे शावक शामिल हैं। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के पांच गांवों में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, हाथियों का यह दल 368 आरएफ जंगल से निकलकर रायगढ़ रोड पार करते हुए 367 आरएफ के जंगल में पहुंचा है। दल में चार शावक भी हैं, ऐसे में हाथियों की आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। हाथियों का दल जिन क्षेत्रों में विचरण कर रहा है, उनके आसपास बसे शेरवन, दर्रीडीह, ओंगना, पोटिया और खलबोरा गांव के ग्रामीणों को सतर्क किया गया है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल की ओर जाने से बचें और हाथियों को देखने के लिए उनके नजदीक जाने या भीड़ लगाने की कोशिश न करें। हाथियों के सामने आने पर उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी भी तरह से उन्हें परेशान न करें।
इधर, वन विभाग और हाथी मित्र दल हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी और संभावित मूवमेंट की जानकारी दी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। वन विभाग का प्रयास है कि हाथियों और ग्रामीणों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।











