रायगढ़। रायगढ़ की एक औद्योगिक कंपनी से आंध्र प्रदेश के लिए रवाना किया गया करीब 7.28 लाख रुपये का माल कथित तौर पर रास्ते से गायब हो गया। निर्धारित स्थान पर माल की डिलीवरी नहीं होने पर कंपनी ने ट्रांसपोर्ट एजेंट, ट्रक मालिक और चालक पर मिलीभगत कर माल हड़पने का आरोप लगाया है। कंपनी के डायरेक्टर की शिकायत पर जूटमिल पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सहदेवपाली स्थित रायगढ़ सॉल्वेंट एक्सट्रैक्शन प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सरोज कुमार पाठी ने शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी का 585 बैग डीओआरबी (DORB), जिसका कुल वजन 29.380 मीट्रिक टन और मूल्य 6 लाख 46 हजार 360 रुपये था, आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले के नरसापुरम मंडल स्थित साईबाबा ट्रेडिंग कंपनी भेजा जाना था। इसके परिवहन की जिम्मेदारी एजेंट गणेश राम अग्रवाल उर्फ अनिल अग्रवाल के माध्यम से तय की गई थी। माल का कुल भाड़ा 82 हजार 264 रुपये निर्धारित हुआ था।
शिकायत के मुताबिक, 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 4 बजे ट्रक में माल लोड कर रवाना किया गया। परिवहन के लिए 72 हजार 264 रुपये अग्रिम भुगतान भी किया गया था। इसमें 30 हजार रुपये डीजल के लिए, 6 हजार 500 रुपये नकद और 35 हजार 764 रुपये एजेंट के खाते में ऑनलाइन माध्यम से भेजे गए थे। शेष 10 हजार रुपये माल गंतव्य पर खाली होने के बाद दिए जाने थे।
कभी इंजन खराब तो कभी तूफान में फंसने का बहाना
कंपनी के डायरेक्टर के अनुसार, माल लेकर निकले ट्रक के चालक ने शुरुआत में ओडिशा में इंजन खराब होने की सूचना दी। मरम्मत के बाद वाहन आगे बढ़ा और विशाखापट्टनम पहुंचा, जहां आंधी-तूफान के कारण 28 अक्टूबर को ट्रक फंसने की बात बताई गई। चालक ने वाहन को दो हाइड्रा की मदद से बाहर निकालने की जानकारी दी। इसके बाद ट्रक नरसापुरम के लिए रवाना हुआ, लेकिन अनकापल्ली के पास फिर से इंजन खराब होने की सूचना दी गई।
कंपनी का आरोप है कि तमाम जानकारी देने के बावजूद माल निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचा। एजेंट, ट्रक मालिक और चालक से लगातार संपर्क कर डिलीवरी के संबंध में जानकारी मांगी गई, लेकिन सभी की ओर से अलग-अलग जवाब दिए जाते रहे। लंबे इंतजार और लगातार टालमटोल के बाद कंपनी ने इसे सुनियोजित तरीके से माल हड़पने का मामला बताते हुए पुलिस से शिकायत की।
चार लोगों पर मिलीभगत का आरोप
शिकायत में एजेंट गणेश राम अग्रवाल उर्फ अनिल अग्रवाल, ट्रक चालक साधु राम भगत तथा वाहन स्वामी सीटीसी इंपेक्स से जुड़े भागीदार मोहम्मद फारूख नविवाला और मोहम्मद रमीज अघाडी पर आपसी मिलीभगत कर माल की अफरा-तफरी करने का आरोप लगाया गया है।
कंपनी ने माल की कीमत 6 लाख 46 हजार 360 रुपये और परिवहन भाड़े के 82 हजार 264 रुपये मिलाकर कुल 7 लाख 28 हजार 624 रुपये का नुकसान होना बताया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल पुलिस ट्रक की आवाजाही, माल की वास्तविक स्थिति और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।











