रायगढ़। कोयला परिवहन में लगे 18 चक्का ट्रेलर को 12 लाख 50 हजार रुपये में खरीदने का सौदा कर महज 50 हजार रुपये अग्रिम देने के बाद वाहन लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। शेष रकम फाइनेंस के जरिए चुकाने का भरोसा दिलाकर ट्रेलर अपने कब्जे में लेने वाले आरोपी ने बाद में संपर्क बंद कर दिया। वाहन मालिक की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुडुमकेला निवासी 44 वर्षीय कमलेश कुमार पटेल कृषि कार्य करते हैं। उनके नाम पर अशोक लीलैंड कंपनी का 18 चक्का ट्रेलर क्रमांक CG-13-AA-8603 पंजीकृत है। आर्थिक जरूरत के चलते वह अपना वाहन बेचना चाहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात रायगढ़ के चांदनी चौक निवासी आर्य सलमान बेग से हुई। बातचीत के बाद दोनों के बीच ट्रेलर का सौदा 12 लाख 50 हजार रुपये में तय हुआ।
शिकायत के मुताबिक, 20 अप्रैल 2024 को आरोपी ने 50 हजार रुपये अग्रिम राशि के रूप में चेक दिया और बाकी 12 लाख रुपये फाइनेंस के माध्यम से भुगतान करने की बात कही। इस भरोसे में आकर कमलेश ने उसी दिन दोपहर करीब 3 बजे ट्रेलर आरोपी को सौंप दिया। बाद में 5 जून 2024 को तहसील कार्यालय घरघोड़ा में वाहन बिक्री को लेकर इकरारनामा भी तैयार कराकर नोटरी कराया गया।
वाहन अपने कब्जे में लेने के बाद आरोपी करीब डेढ़ महीने तक मोबाइल पर कमलेश से बातचीत करता रहा। इसके बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया। कुछ समय बाद उसके दोनों मोबाइल नंबर भी बंद हो गए। परेशान वाहन मालिक आरोपी की तलाश में चांदनी चौक स्थित उसके घर भी पहुंचा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
कमलेश ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन न तो आरोपी का पता चला और न ही ट्रेलर के संबंध में कोई जानकारी मिल सकी। आखिरकार उसने घरघोड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आर्य सलमान बेग के विरुद्ध धारा 420 के तहत धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।












