रायगढ़। दशकर्म का न्योता बांटने निकले तीन युवकों की मोटरसाइकिल ग्राम पोतरा के पास सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे युवक के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई, जबकि बाइक चालक समेत एक अन्य युवक को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां परिजन पहुंचे तो उसे मृत अवस्था में पाया। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 20 नवंबर की है। लैलूंगा के कटेलपारा निवासी छबील राउत को सुबह करीब 10 बजे उनके बड़े बेटे हलेश्वर राउत ने फोन कर हादसे की जानकारी दी। बताया गया कि हलेश्वर अपने साथी कृष्णा राउत और मिनकेतन राउत के साथ टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल से दशकर्म का न्योता बांटने निकले थे। बाइक हलेश्वर चला रहा था, जबकि कृष्णा बीच में और मिनकेतन सबसे पीछे बैठा था।
इसी दौरान ग्राम पोतरा के पास सामने से एक पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पिकअप को देखकर हलेश्वर ने मोटरसाइकिल को सड़क किनारे नीचे उतार दिया। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में हलेश्वर और कृष्णा को हल्की चोटें आईं, जबकि पीछे बैठे मिनकेतन राउत के सिर में गंभीर चोट लग गई। उसे तत्काल उपचार के लिए लैलूंगा अस्पताल ले जाया गया।
इधर, हादसे की सूचना मिलने पर पिता छबील राउत भी अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने अपने बेटे मिनकेतन को अस्पताल के बरामदे में स्ट्रेचर पर मृत अवस्था में पड़ा देखा। उसके सिर से खून निकल रहा था। दशकर्म का न्योता बांटने निकले परिवार के बेटे की इस तरह मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मृतक के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक हलेश्वर राउत के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) एवं मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।











