रायगढ़। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम नेशनल हाईवे-49 स्थित ढाबों और फैमिली रेस्टोरेंट में पहुंची। यहां खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के साथ साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। जांच के दौरान संदेह के आधार पर खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे गए, वहीं प्रतिष्ठान संचालकों को जरूरी सुधार करने के निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया गया।
दरअसल, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा 16 से 30 नवंबर तक ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में लगातार जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत टीम एनएच-49 स्थित चारभांठा खरसिया के न्यू वेलकम ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट पहुंची। यहां खाद्य सामग्री की जांच के साथ स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। संदेह के आधार पर पनीर, पका हुआ चावल और आलू-परवल की सब्जी के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए रायपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है।
जांच टीम ने प्रतिष्ठान संचालक को ग्राहकों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए एक ही खाद्य तेल का बार-बार उपयोग नहीं करने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार करने के लिए नोटिस भी जारी किया गया।
जोरापाली के ढाबों में भी जांच
खाद्य विभाग की टीम ने एनएच-49 पर जोरापाली के पास स्थित समीर ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट तथा चंपारण फास्ट फूड में भी जांच की। यहां साफ-सफाई, पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराने और खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंगों का सीमित एवं निर्धारित मानकों के अनुसार उपयोग करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा खाद्य तेल का बार-बार इस्तेमाल नहीं करने और अन्य जरूरी सुधार करने के लिए संचालकों को नोटिस जारी किया गया।
15 से अधिक प्रतिष्ठानों की जांच, 10 से ज्यादा सैंपल भेजे
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अभियान के तहत अब तक जिले के 15 से अधिक ढाबों और रेस्टोरेंट की जांच की जा चुकी है। वहीं 10 से अधिक खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य पदार्थों में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल शामिल रहे। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की है।











