रायगढ़। जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खरसिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लेबड़ा और देवरी गांव में दबिश देकर विभागीय टीम ने रेत उत्खनन में लगे 4 जेसीबी, एक चैन माउंटेन मशीन और एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से रेत के अवैध कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मांड नदी से लंबे समय से बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन किए जाने की शिकायतें सामने आ रही थीं। रेत तस्करों द्वारा मशीनों के जरिए नदी से रेत निकालकर कारोबार संचालित किया जा रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर के दिशा-निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने लेबड़ा और देवरी गांव में कार्रवाई की।
खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेत उत्खनन में इस्तेमाल हो रही मशीनों और वाहनों को जब्त कर लिया। कार्रवाई में कुल 4 जेसीबी, एक चैन माउंटेन और एक ट्रैक्टर पकड़ा गया है।
मांड नदी में लंबे समय से चल रहे कथित अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ विभाग की इस कार्रवाई को बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि जब्त मशीनों के संचालकों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाती है।











