रायगढ़। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक और युवक की जान चली गई। छाल खदान में ड्राइवरी का काम करने वाले रोहित कुमार चौहान की सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में मृतक के भाई ने ट्रेलर क्रमांक CG-04-LQ-4896 के चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए छाल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम छिरपानी निवासी रोहित कुमार चौहान 28 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-UB-8736 से छाल खदान में ड्यूटी करने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान ग्राम चंद्रशेखरपुर (एडू) के पास मुख्य मार्ग पर ट्रेलर क्रमांक CG-04-LQ-4896 के चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रोहित के सिर पर गंभीर चोट आई।










