रायगढ़. दीपावली पर्व के दौरान शहर के बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है। इसके तहत शहर में पांच स्थानों पर पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं, भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात के दबाव को कम करने के लिए कुछ मार्गों को एकांगी (वन-वे) किया गया है। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर डायवर्सन पॉइंट बनाए गए हैं और निर्धारित स्थानों पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस ने व्यापारी बंधुओं, गणमान्य नागरिकों और ग्राहकों से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। पुलिस ने व्यापारियों से कहा है कि वे अपने प्रतिष्ठानों के सामने वालंटियर या गार्ड तैनात करें, ताकि अव्यवस्थित पार्किंग को नियंत्रित किया जा सके। दुकानों का सामान सड़क या दुकान के बाहर न रखें और न ही बाहर प्रदर्शन करें। प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों के वाहनों को भी यथासंभव निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से दुकानों के सामने सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील भी की गई है।
यातायात विभाग ने ग्राहकों की सुविधा के लिए शहर में पांच अस्थायी पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। जिसमें सावड़िया भवन प्रांगण, गांधी गंज परिसर, रामलीला मैदान, नगर निगम कॉम्प्लेक्स (पुराना जिला शिक्षा कार्यालय) श्याम टॉकीज परिसर शामिल है। वहीं शहर में यातायात के सुचारु संचालन के लिए कुछ मार्गों पर एकतरफा आवागमन की व्यवस्था की गई है। इसके तहत हण्डी चौक से हटरी चौक मार्ग। केवड़ाबाड़ी चौक से हटरी चौक मार्ग। गौरीशंकर मंदिर तिराहा से न्यू मार्केट तिराहा। मालधक्का तिराहा से गांधी प्रतिमा तिराहा शामिल है।
यातायात पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करने के लिए चारों ओर प्रमुख स्थानों पर डायवर्सन पॉइंट निर्धारित किए हैं। जिसमें गांधी प्रतिमा, रेलवे स्टेशन चौक, शहीद चौक, गोगा राइस मिल के अलावा गद्दी चौक शामिल है। वहीं भीड़भाड़ और जाम की स्थिति से बचने के लिए शहर के पांच प्रमुख स्थानों पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जिसमें गांधी प्रतिमा, गोगा राइस मिल, हण्डी चौक, सारंगढ़ चौक (अग्रसेन चौक) एवं गद्दी चौक शामिल है।










