रायगढ़। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में विभागीय टीम ने रायगढ़ शहर के तुलसी होटल और बोईरदादर स्थित मिथिला रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाई और नमकीन के छह नमूने लेकर गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, साफ-सफाई में कमी मिलने पर प्रतिष्ठान संचालकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, तुलसी होटल से बेसन पापड़ी, नारियल बर्फी और केसर पेड़ा के नमूने लिए गए। वहीं, मिथिला रेस्टोरेंट से कलाकंद और कुंदा के नमूने संग्रहित किए गए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली, जिस पर अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और साफ-सफाई दुरुस्त रखने की हिदायत दी।

अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीम शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी होटल, रेस्टोरेंट और डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है। त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

निरीक्षण के दौरान अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल एवं नेमीचंद पटेल मौजूद रहे।











