रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में अवैध धान के खिलाफ प्रशासनिक अमला के द्वारा लगातार कार्रवाई जारी है। जहां लैलूंगा तहसील के ग्राम झगरपुर में प्रशासनिक टीम ने दो गोदामों की जांच कर कुल 965 कट्टा धान जब्त किया। इसके अलावा पुसौर व खरसिया क्षेत्र मंे भी कार्रवाई की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, एसडीएम लैलूंगा राकेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में खाद्य निरीक्षक व नायब तहसीलदार की संयुक्त टीम ने झगरपुर स्थित गोदामों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान संतोष अग्रवाल के गोदाम में 900 कट्टा व विकास अग्रवाल के गोदाम में 65 कट्टा धान भंडारित पाया गया। टीम ने दोनों गोदामों से कुल 965 कट्टा धान जब्त कर आगे की कार्रवाई की है। इसके अलावा तहसील पुसौर के ग्राम नेतनागर में कृषक मंगल साव के गोदाम में उनके धान पंजीयन मात्रा के खिलाफ अतिरिक्त 579 कट्टा धान पाया गया। जिसे जब्त करने की कार्रवाई की गई है।
नवापारा में 105 बोरी अवैध धान मिला
इसके अलावा खरसिया क्षेत्र के ग्राम नवापारा में फूड और मंडी की टीम ने जांच की। जहां त्रिलोचन गवेल के गोदाम से 105 बोरी धान मिला। जिसे जब्त करते हुए त्रिलोचन के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं प्रशासनिक अमला लगातार अवैध धान पर निगरानी कर रही है।
गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई करने के निर्देश
राजस्व व खाद्य विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर विभिन्न क्षेत्रों में गोदामों और धान भंडारण स्थलों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान भंडारण से संबंधित दस्तावेजों व उपलब्ध धान का सत्यापन भी किया जा रहा है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध भंडारण और परिवहन की सूचना मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया है।











